PM Modi in Loksabha: पीएम मोदी आज संसद के में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर जवाब दिया।इस दौरान उन्होंने कांग्रेस सहित INDIA के नेताओं पर जोरदार हमला किया।वहीं इस दौरान उन्होंने तीसरी बार सरकार बनाने का दावा करते हुएअ कहा कि, ‘हमारा तीसरा कार्यकाल बहुत बड़े फैसलों का होगा।मैंने लाल किले से कहा था और राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा के समय भी दोहराया था कि देश को अगले हजार वर्षों तक समृद्ध और सिद्धि के शिखर पर देखना चाहता हूं।तीसरा कार्यकाल अगले 100 वर्षों के लिए एक मजबूत नींव रखने का कार्यकाल होगा।’
PM मोदी ने कहा, “हमारे देश में महंगाई पर दो गाने सुपरहिट हुए- ‘मेहंगाई मार गई’ और ‘मेहंगाई डायन खाये जात है’। ये दोनों गाने कांग्रेस के शासनकाल में आए। UPA के कार्यकाल में महंगाई डबल डिजिट में थी, इसे नकार नहीं सकते। उसपर उनकी सरकार का तर्क क्या था? असंवेदनशीलता। यह कहा गया था कि महंगी आइसक्रीम खा सकते हो तो महंगाई का रोना क्यों रोते हो?”
PM मोदी ने कहा, “हमारी सरकार का तीसरा कार्यकाल अब ज्यादा दूर नहीं है। सिर्फ 100-125 दिन बाकी हैं… मैं संख्याओं पर नहीं जाता लेकिन मैं देश का मूड देख सकता हूं। इससे NDA 400 के पार पहुंच जाएगी और भाजपा को 370 सीटें जरूर मिलेंगी…तीसरा कार्यकाल बहुत बड़े फैसले लेने वाला होगा…”
PM मोदी ने कहा, “कांग्रेस का विश्वास सिर्फ एक परिवार पर ही रहा है, एक परिवार के आगे वे न कुछ सोच सकते हैं और न देख सकते हैं। कुछ दिन पहले भानुमति का कुनबा जोड़ा लेकिन फिर एकला चलो रे करने लग गए… अलायंस का ही अलाइनमेंट बिगड़ गया।”
हमने 17 करोड़ से अधिक गैस कनेक्शन दिए हैं, अगर कांग्रेस की रफ्तार से चलते तो इस काम को करने में और 60 साल लग जाते हैं। तीन पीढ़ियां धुएं में खाना बनाने-बनाते गुजर जाती।
हमने गरीबों के लिए 4 करोड़ घर बनाए इसमें से 80 लाख पक्के मकान शहरी गरीबों के लिए बने। अगर कांग्रेस की रफ्तार से काम हुआ होता तो इतना काम होने में 100 साल लगते, 100 पीढ़ियां बीत जातीं।
हमने अपने पहले कार्यकाल में यूपीए के समय के जो गड्ढे थे, उस गड्ढे को भरने काफी समय और शक्ति लगाई।हमने अपने दूसरे कार्यकाल में नए भारत की नींव रखी और तीसरे कार्यकाल में हम विकसित भारत के निर्माण को नई गति देंगे।
इंदिरा जी की सोच भी नेहरू जी से ज्यादा अलग नहीं थी। उन्होंने लाल किले से कहा था- दुर्भाग्यवश हमारी आदत ये है कि जब कोई शुभ काम पूरा होने को होता है तो हम आत्मसंतुष्टि की भावना से ग्रस्त हो जाते हैं और जब कोई कठिनाई आ जाती है तो हम नाउम्मीद हो जाते हैं।
नेहरू जी ने लाल किले से कहा था- हिंदुस्तान में काफी मेहनत करने की आदत आमतौर से नहीं है। हम इतना काम नहीं करते हैं… जितना यूरोप, जापान, चीन, रुस और अमेरिका वाले करते हैं।
नेहरू जी की भारतीयों के प्रति सोच थी कि भारतीय आलसी हैं।कांग्रेस की जो मानसिकता है, जिसका देश को बहुत नुकसान हुआ है। कांग्रेस ने देश के सामर्थ्य पर कभी विश्वास नहीं किया, वो अपने आप को शासक मानते रहे और जनता-जनार्दन को कमतर आंकते गए।
PM मोदी ने कहा, “कांग्रेस पार्टी और यूपीए सरकार ने OBC के साथ न्याय नहीं किया। कुछ दिन पहले ही कर्पूरी ठाकुर को भारत रत्न से सम्मानित किया गया। 1970 में जब वे बिहार के मुख्यमंत्री बने तो उनकी सरकार को अस्थिर करने के लिए क्या-क्या नहीं किया गया। कांग्रेस OBC को बर्दाश्त नहीं कर सकती…वे गिनती करते रहते हैं कि सरकार में कितने OBC हैं। क्या आप (कांग्रेस) यहां सबसे बड़ा OBC नहीं देख सकते?”
आज विपक्ष की जो हालत है, इसकी सबसे बड़ी दोषी कांग्रेस पार्टी है। कांग्रेस को एक अच्छा विपक्ष बनने का बहुत बड़ा अवसर मिला था, लेकिन 10 वर्षों में ये उस दायित्व को निभाने में भी विफल हो गए।
आदरणीय राष्ट्रपति जी ने भारत के उज्ज्वल भविष्य को देखते हुए चार मजबूत स्तंभों पर हम सबका ध्यान केंद्रित किया है।उनका सही आंकलन है कि देश के चार स्तंभ जितने ज्यादा मजबूत होंगे, विकसित होंगे, समृद्ध होंगे… हमारा देश उतनी ही तेजी से समृद्ध होगा।
उन्होंने देश की नारी शक्ति, युवा शक्ति, गरीब भाई-बहन और देश के किसान की चर्चा की है, जो विकसित भारत के लक्ष्य को पूरा करेगी।
आज युवाओं के लिए जितने नए अवसर बने हैं, ये पहले कभी नहीं बने।आज चारों तरफ स्टार्टअप्स की गूंज है, यूनिकॉर्न्स चर्चा में है।2014 के पहले डिजिटल इकोनॉमी की साइज ना के बराबर थी। आज भारत, दुनिया की अग्रणी डिजिटल इकोनॉमी है। लाखों युवा इससे जुड़े हैं।
“10 वर्षों में पर्यटन क्षेत्र में अभुतपूर्व उछाल आया है… सामान्य से सामान्य व्यक्ति को भी रोजगार देने वाला और स्वरोजगार की सबसे ज्यादा संभावनाओं वाला यह क्षेत्र है। 10 वर्ष में एयरपोर्ट दोगुने बढ़े हैं…”